कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके साथ AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी पुलिस ने डिटेन किया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके को सेंट्रल पार्क की तरफ जाते समय प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया गया। वहीं नेहा बोरा को मंडी हाउस इलाके से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
CJP सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन का ऐलान
यह घटनाक्रम CJP से जुड़े सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद सामने आया। इसके बाद अभिजीत दिपके ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।
पुलिस ने अभिजीत दिपके को दिए थे नोटिस
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अभिजीत दिपके के आवास पर जाकर उन्हें दो नोटिस दिए थे। इनमें से एक नोटिस दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत था, जिसमें उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं आने की बात कही गई थी।
दूसरे नोटिस में पूर्व में हुई एहतियाती हिरासत और कोर्ट के समक्ष हुई कार्यवाही का हवाला दिया गया था।
सेंट्रल दिल्ली में भारी सुरक्षा
प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए कनॉट प्लेस, राजीव चौक, सेंट्रल पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ CAPF की कंपनियों को भी तैनात किया गया है। सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जाने की भी जानकारी है।
कई इलाकों में बैरिकेडिंग
पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, ITO और संसद मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की है।
प्रदर्शन को देखते हुए NDMC की ओर से सेंट्रल पार्क को बंद रखने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस की ओर से वैकल्पिक स्थान पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान की अनुमति पर विचार किए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में दिपके और नेहा बोरा
अभिजीत दिपके और नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने के बाद अब प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है। दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच सेंट्रल दिल्ली में आवाजाही और कार्यक्रमों को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।



























