उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद से रिश्तों से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां अपने पति और कथित प्रेमी, दोनों के साथ एक ही घर में रहने की बात पर अड़ी हुई है। मामला बढ़ने के बाद महिला, उसके दोनों पति और परिवार के सदस्य महमूदाबाद कोतवाली पहुंच गए।
हैरानी की बात यह है कि महिला के पहले पति की ओर से भी दूसरे युवक को साथ रखने पर आपत्ति नहीं जताने की बात सामने आई है। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्य इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
पति के सामने प्रेमी से शादी का दावा
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले शुभम वर्मा की शादी पचदेवरा निवासी अंजू वर्मा से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंजू की नजदीकियां नितिन विश्वकर्मा नाम के युवक से बढ़ गईं। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। दावा है कि यह शादी अंजू के पहले पति शुभम की मौजूदगी में हुई।
दोनों के साथ रहने की बात पर विवाद
परिवार की ओर से बताया गया कि नितिन पहले भी घर आता-जाता था और कई बार वहां रुक चुका था। मामला तब गंभीर हो गया जब अंजू ने अपने पति शुभम और नितिन, दोनों के साथ रहने की इच्छा जताई।
अंजू के इस फैसले का परिवार के कुछ सदस्य विरोध कर रहे हैं। वहीं, शुभम की ओर से नितिन को अपने साथ रखने पर सहमति जताने की बात भी सामने आई है।
पहले पति ने कही साथ रहने की बात
बताया जा रहा है कि शुभम अपनी पत्नी अंजू और नितिन को अलग नहीं करना चाहता। वह नितिन को अपना भाई मानने की बात कह रहा है। तीनों के साथ बैठकर खाना खाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को तीनों का एक साथ रहना मंजूर नहीं है। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ता गया।
कोतवाली पहुंचा मामला
विवाद बढ़ने के बाद शुक्रवार को अंजू, उसके दोनों पति और दोनों पक्षों के परिवार के लोग महमूदाबाद कोतवाली पहुंच गए। वहां काफी देर तक बातचीत और बहस का दौर चला।
पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने मामले में दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की।
फिलहाल नहीं बनी सहमति
पुलिस की समझाइश के बावजूद परिवार के विरोध के कारण फिलहाल मामले में कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। महिला दोनों पतियों के साथ रहने की अपनी बात पर कायम बताई जा रही है।
यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय इलाके में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले से जुड़े वैवाहिक और कानूनी पहलुओं पर अंतिम स्थिति संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां पांच बच्चों की मां की शादी उसके पति के कथित बॉयफ्रेंड से कराए जाने की खबर चर्चा में रही थी।



























