Home India Punjab DA Hike: भगवंत मान सरकार का कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, महंगाई...

Punjab DA Hike: भगवंत मान सरकार का कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, महंगाई भत्ते में 3% इजाफा; अब 53% मिलेगा DA

9
0
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की।
सीएम भगवंत मान ने पंजाब के करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा दिया।

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस फैसले से पंजाब के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इसे दिवाली का तोहफा बताया है।

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवंत मान ने यह घोषणा की। नई बढ़ोतरी के बाद पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो जाएगा।

दिसंबर से मिलेगा बढ़े हुए DA का फायदा

मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, महंगाई भत्ते में की गई नई बढ़ोतरी 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी। इसके बाद कर्मचारियों को संशोधित दर के अनुसार वेतन और पेंशन का लाभ मिलेगा। करीब आठ लाख लोगों को इस फैसले से आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

पहले भी 8 फीसदी बढ़ाया गया था महंगाई भत्ता

गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने सितंबर में भी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में कुल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला किया था। इसे दो किस्तों में 4-4 प्रतिशत के हिसाब से जारी किया गया था। उस समय DA की दर 42 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत की गई थी।

अब सरकार ने इसमें तीन प्रतिशत की और वृद्धि कर दी है। इस तरह पहले की 8 प्रतिशत और नई 3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मिलाकर कुल 11 प्रतिशत अंक का इजाफा हो चुका है।

सरकार पर कितना बढ़ेगा वित्तीय बोझ?

मुख्यमंत्री के मुताबिक, नई 3 प्रतिशत बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को लगभग 363 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। वहीं, सरकार के DA संबंधी फैसलों से कुल वार्षिक वित्तीय लाभ लगभग 4,000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंचने की बात कही गई है।

CM मान बोले- पंजाब का खजाना कभी खाली नहीं होगा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का खजाना कभी खाली नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारों की नीयत खाली होती गई थी।

इस मौके पर पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा भी मौजूद रहे। सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here