दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पराली जलाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दिल्ली की खराब हवा के लिए पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराने पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के किसानों को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। मान के मुताबिक, जब पंजाब के मालवा क्षेत्र के कई इलाकों में धान की कटाई तक शुरू नहीं हुई थी, तब भी दिल्ली में धुएं के लिए पंजाब को जिम्मेदार बताया जाने लगा।
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की हवा खराब होते ही पंजाब के किसानों पर पराली जलाने के आरोप लगा दिए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब फसल की कटाई ही नहीं हुई थी, तो पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने की बात कैसे कही जाने लगी?
‘फसल की कटाई शुरू नहीं हुई, फिर पंजाब पर आरोप क्यों?’
भगवंत मान ने कहा कि मालवा के कई हिस्सों में धान की कटाई शुरू नहीं हुई थी, इसके बावजूद हरियाणा के नेताओं की ओर से दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराने वाले बयान दिए जाने लगे। मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब और यहां के किसानों की छवि खराब करने की कोशिश बताया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण के कई कारण हो सकते हैं, इसलिए केवल पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। मान ने किसानों का बचाव करते हुए कहा कि वे देश के लिए अनाज पैदा करते हैं और उन्हें बदनाम करने के बजाय उनकी समस्याओं को समझने की जरूरत है।
पराली विवाद पर AAP और BJP आमने-सामने
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के साथ ही पंजाब और दिल्ली की सरकारों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं और राज्य सरकार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी के पंजाब नेताओं ने भाजपा पर किसानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। AAP नेता बलतेज पन्नू का कहना है कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए कई कारण जिम्मेदार हैं और इसे केवल पराली जलाने से जोड़ना सही नहीं है।
कर्मचारियों को 3 प्रतिशत DA बढ़ोतरी का ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी का भी ऐलान किया। इस फैसले से करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा मिलने की बात कही गई है।
इस बढ़ोतरी के बाद पंजाब में DA की दर 53 प्रतिशत हो जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस साल कुल 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक 71,777 सरकारी नौकरियां भी दे चुकी है।
पराली विवाद के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली की हवा की गुणवत्ता और पंजाब में खेतों में आग लगने की घटनाएं राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनी हुई हैं।




























