करवाचौथ के दिन चांद के दीदार का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए मौसम से जुड़ी खबर चिंता बढ़ा सकती है। दिल्ली-NCR में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
करवाचौथ की रात अगर आसमान में बादल बने रहे तो महिलाओं को चंद्रमा के निकलने का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, अभी यह निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि करवाचौथ की रात बादलों की वजह से चांद पूरी तरह छिपा रहेगा।
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों में दिल्ली-NCR के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस मौसम परिवर्तन का सीधा असर करवाचौथ की रात चांद देखने पर पड़ सकता है। यदि पूजा के समय बादल घने रहे तो चंद्रमा के दर्शन में देरी हो सकती है।
26 से 27 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
बारिश और हवाओं के कारण दिल्ली में दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
31 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अक्टूबर से दिल्ली में आसमान साफ होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रहने की संभावना है।




























