पंजाब में MGNREGA कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को मंत्री स्तर पर बैठक हुई। पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने MGNREGA कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जायज मांगों के समाधान का भरोसा दिया।
खन्ना में हुई बैठक के दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी जायज मुद्दों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
कर्मचारियों की भूमिका अहम: मंत्री
तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा कि MGNREGA कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गांवों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में कर्मचारियों का योगदान अहम है।
उन्होंने कहा कि MGNREGA के साथ-साथ अब VB G RAM G के कार्यों के क्रियान्वयन में भी कर्मचारियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
विभागों के साथ उठाए जाएंगे लंबित मुद्दे
मंत्री ने यूनियन को भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की संबंधित विभागों के साथ विस्तार से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में नीति संबंधी निर्णय या वित्तीय मंजूरी की जरूरत होगी, उन्हें वित्त विभाग के साथ विचार-विमर्श के लिए रखा जाएगा।
कर्मचारी हितों को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री सोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों और कल्याण को लेकर गंभीर है। सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और कर्मचारी हितैषी प्रशासन की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारी यूनियनों के साथ बातचीत के माध्यम से उनके जायज मुद्दों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
ग्रामीण विकास में कर्मचारियों की अहम भूमिका
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत करना और आम लोगों तक सरकारी सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इस काम में MGNREGA कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और ग्रामीण समुदायों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है।




























