उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को कोर्ट के आदेश के बाद ध्वस्त कर दिया गया है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान उस स्थान पर ईंटों से बना एक पुराना कुआं बरामद हुआ है। कुआं मिलने के बाद प्रशासनिक हलके में हलचल तेज हो गई है और संबंधित एजेंसियों को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई: SDM सदर
घटनास्थल पर मौजूद एसडीएम सदर (SDM Sadar) सुबोध कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से अदालत के आदेशों के अनुपालन में की गई है।
एसडीएम सुबोध कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा:
“यह कार्रवाई हमारे द्वारा कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए की गई है। इसी क्रम में यहां एक कुआं सामने आया है। इसके बाद संबंधित एजेंसियां और तकनीकी टीमें जांच करेंगी कि यह कुआं कितना बड़ा और कितना पुराना है। पहली नज़र में यह ईंटों से बना एक कुआं प्रतीत होता है। तकनीकी टीम की विस्तृत जांच के बाद ही सभी बातें पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।”
तकनीकी टीमें करेंगी जांच
कलेक्ट्रेट जैसी संवेदनशील जगह पर निर्मित संरचना के नीचे कुआं मिलने के बाद अब पुरातत्व या संबंधित तकनीकी टीमें इसकी जांच करेंगी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुएं की प्राचीनता और उसकी बनावट के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।