सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक की पैरेंट कंपनी ‘मेटा’ (Meta) ने केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के ऑफिशियल फेसबुक पेज से हटाए गए दो महत्वपूर्ण पोस्ट्स को दोबारा बहाल (Restore) कर दिया है। ये पोस्ट्स आशा (ASHA) कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले ओणम त्योहार भत्ते और नबी दिवस (Milad-un-Nabi) की शुभकामनाओं से जुड़े हुए थे।
इस मामले को लेकर केरल मुख्यमंत्री कार्यालय ने मेटा प्रबंधन और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सरकार के सत्यापित पोस्ट हटाना गंभीर चिंता का विषय
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि राज्य सरकार के कड़े हस्तक्षेप के बाद मेटा ने हटाए गए दोनों पोस्ट्स को वापस ऑनलाइन कर दिया है।
हालांकि, इस बात पर जोर दिया गया कि भले ही कंटेंट वापस ऑनलाइन आ गया है, लेकिन किसी राज्य सरकार के आधिकारिक व सत्यापित (Verified) संचार माध्यम से जनकल्याणकारी सूचनाओं और त्योहारों की शुभकामनाओं जैसे पोस्ट को मनमाने ढंग से हटाना बेहद गंभीर चिंता का विषय है।




























