सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की हरकत पर बवाल, छात्राओं के साथ बांध में नहाने का VIDEO वायरल; सस्पेंड करने की मांग

    25
    0
    सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की हरकत पर बवाल, छात्राओं के साथ बांध में नहाने का VIDEO वायरल; सस्पेंड करने की मांग
    सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की हरकत पर बवाल, छात्राओं के साथ बांध में नहाने का VIDEO वायरल; सस्पेंड करने की मांग

    राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में प्रिंसिपल स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ एक बांध में नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और कुछ अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

    बताया जा रहा है कि यह वीडियो 15 अगस्त का है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद शनिवार को कुछ ग्रामीण और छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंचे और विरोध जताया। सूचना मिलने पर प्रतापगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई।

    पिकनिक के लिए बांध ले जाने का दावा

    प्रतापगढ़ थानाधिकारी राजकुमार मीणा के मुताबिक, प्रिंसिपल 15 अगस्त को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित एक बांध पर पिकनिक के लिए लेकर गए थे।

    बताया गया कि वहां विद्यार्थियों को तैराकी सिखाने की बात कही गई और इसी दौरान प्रिंसिपल भी पानी में उतर गए। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

    हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम और उससे जुड़े आरोपों की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

    वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी

    वीडियो सामने आने के बाद कई ग्रामीण और छात्राओं के परिजन स्कूल परिसर पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    ग्रामीणों का आरोप है कि जिस बांध में विद्यार्थियों को ले जाया गया, वहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि कई बच्चों को तैरना नहीं आता था और मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, जैसे लाइफ जैकेट आदि, मौजूद नहीं थे।

    ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को निलंबित करने की मांग भी उठाई है।

    शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

    मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि थानागाजी ब्लॉक के सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल से जुड़ा मामला विभाग के संज्ञान में आया है। मामले की जांच के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

    अधिकारी के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस में अभी शिकायत दर्ज नहीं

    प्रतापगढ़ थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले में पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। ग्रामीणों और अभिभावकों से शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

    फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्कूल प्रशासन या प्रिंसिपल की ओर से सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here