हैदराबाद में साउथ सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भारी भीड़ के बीच साउंड सिस्टम का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
हजारों की संख्या में जुटी थी भीड़
फिल्म के ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान भीड़ मंच के करीब पहुंचने लगी थी। पुलिस और सुरक्षाकर्मी लगातार लोगों से पीछे हटने की अपील कर रहे थे।
घटना से जुड़े सामने आए वीडियो में कुछ लोगों को कार्यक्रम स्थल पर लगी संरचनाओं और साउंड सिस्टम को सहारा देने वाले पोल पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान साउंड सेटअप का एक हिस्सा नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद यश ने रोकी अपनी स्पीच
घटना के समय यश मंच पर मौजूद थे और अपनी फिल्म के बारे में बात कर रहे थे। साउंड सिस्टम गिरने की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के बारे में पूछा।
यश ने अधिकारियों से घायलों की स्थिति की जांच करने और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। इसके बाद दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
आयोजकों की ओर से स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी मिलने के बाद यश ने दोबारा अपना भाषण शुरू किया।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। फिल्म में यश के साथ नयनतारा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले हुए इवेंट में हुए इस हादसे के बाद आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।






















