बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी की अफवाहों को लेकर चर्चा में हैं। अब एक्ट्रेस ने इन खबरों पर सीधे तौर पर सफाई देने के बजाय मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। करीना की एक इंस्टाग्राम स्टोरी और पैपराजी के साथ उनकी बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद अफवाहों पर विराम लगता नजर आ रहा है।
करीना ने शेयर की मजेदार पोस्ट
शनिवार को करीना कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मेकअप आर्टिस्ट मितेश राजानी की एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में वह अपना पेट बाहर निकाले हुए नजर आ रहे हैं। पोस्ट के बैकग्राउंड में फिल्म ‘हम आपके हैं कौन..!’ का गाना ‘चॉकलेट लाइम जूस’ सुनाई दे रहा था।
करीना ने इस पोस्ट के साथ हंसने और पिज्जा वाले इमोजी भी लगाए। तस्वीर पर ‘हट ना बे’ कैप्शन लिखा था। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे करीना की प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर मजाकिया प्रतिक्रिया के तौर पर देखा।
जिम से निकलते हुए पैपराजी ने घेरा
प्रेग्नेंसी की अटकलें शुरू होने के बाद करीना शनिवार को पहली बार मुंबई में सार्वजनिक तौर पर नजर आईं। वह पीली शर्ट और काली पैंट पहने एक जगह से बाहर निकलती दिखाई दीं।
इस दौरान पैपराजी ने उन्हें घेर लिया। कैमरों के बीच करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘तुम लोग पागल कर देते हो।’
कैसे शुरू हुई प्रेग्नेंसी की अफवाह?
करीना की प्रेग्नेंसी की चर्चा शुक्रवार को उस समय शुरू हुई, जब उनका जिम से बाहर निकलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में करीना अपनी कार की ओर जाती दिखाई दीं और उनकी टीम का एक सदस्य उन्हें कैमरों से बचाने के लिए छाता करता नजर आया।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके लुक को लेकर प्रेग्नेंसी के कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने कमेंट सेक्शन में सवाल किया कि क्या करीना प्रेग्नेंट हैं।
हालांकि, इन अटकलों के बाद करीना की टीम ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में साफ किया कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट नहीं हैं।
सबा अली खान ने भी अफवाहों पर जताई नाराजगी
करीना की ननद सबा अली खान पटौदी ने भी सोशल मीडिया पर इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने करीना की तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि सिर्फ किसी तस्वीर के एंगल या लुक के आधार पर इतनी बड़ी बात मान लेना सही नहीं है।
सबा ने लोगों से अपील की कि निजी जिंदगी से जुड़ी बातों पर बिना पुष्टि के कयास न लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को कुछ चीजों को निजी रहने देना चाहिए और एक-दूसरे के प्रति प्यार और सम्मान बनाए रखना चाहिए।
करीना और सैफ के दो बच्चे
करीना कपूर खान और सैफ अली खान पहले से दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे तैमूर और छोटे बेटे जेह हैं।
फिलहाल करीना की ओर से सामने आए मजेदार रिएक्शन और उनकी टीम की सफाई के बाद उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।




























