पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के जुन्नर इलाके से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पिंपलवंडी गांव में 9 साल की बच्ची की कथित तौर पर यौन हिंसा के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बच्ची एक खेत मजदूर परिवार से थी और चौथी कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार को तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल नहीं गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि दोपहर के समय जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, तभी आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को अपने साथ ले गया। बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
बच्ची की तलाश में शामिल था आरोपी
शाम को बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी भी बच्ची की तलाश करने वालों के साथ शामिल रहा। इससे जांच के दौरान उस पर शक और गहरा हुआ।
CCTV फुटेज से सामने आया सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति साइकिल पर दिखाई दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान सामने आई और इसके बाद उससे पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नाले के पास पेड़ के नीचे से बच्ची का शव बरामद किया। मामले में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पिंपलवंडी और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों और बच्ची के परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों ने मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी सजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली है। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुनेत्रा पवार ने मामले में कड़ी कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।




























