Home Crime पंजाब में हथियार और हेरोइन तस्करी के 3 नेटवर्क का भंडाफोड़, 8...

पंजाब में हथियार और हेरोइन तस्करी के 3 नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

6
0
Amritsar Police Drug Smuggling
Amritsar Police Drug Smuggling

पंजाब में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में कथित तौर पर ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 पिस्तौल, 2.293 किलोग्राम हेरोइन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेशी हैंडलर्स अवैध हथियारों की सप्लाई करवाते थे, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनदीप सिंह उर्फ बब्बू, करण सिंह उर्फ वंश, करनदीप सिंह उर्फ करण, अंगराज सिंह उर्फ शैंकी, राहुल उर्फ शानी, मनप्रीत सिंह उर्फ करण, कपिल उर्फ पापल और निखिल गिल उर्फ साप के रूप में हुई है। ये सभी अमृतसर और तरनतारन के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से अंगराज सिंह, कपिल और निखिल गिल का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इनके खिलाफ पहले एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

अलग-अलग ऑपरेशन में बरामद हुए 11 पिस्तौल

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, पहले ऑपरेशन में पुलिस ने छेहरटा थाना क्षेत्र से करनदीप सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर दो पिस्तौल बरामद किए।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सात पिस्तौल बरामद किए। वहीं, तीसरे ऑपरेशन में करनदीप सिंह उर्फ करण को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो पिस्तौल और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक, दो .30 बोर स्टार, एक .30 बोर बेरेटा, एक .30 बोर पीएक्स-5, तीन अन्य .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल है।

तीन अलग-अलग मामले दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में छेहरटा और ए-डिवीजन थानों में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है, ताकि हथियार और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

डीजीपी के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और विदेशी हैंडलर्स से कथित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here