हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हरियाणा एसटीएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित तौर पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध कुलवंत सिंह उर्फ कुलवंत अलीका को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को फरीदाबाद के छांयसा स्थित एक गांव से उसकी बुआ के घर से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, कुलवंत सिंह पिछले दो दिनों से छांयसा के पंचायती झुग्गी गांव में अपनी बुआ के यहां ठहरा हुआ था। उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात पंजाब पुलिस की टीम फरीदाबाद पहुंची। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की मदद से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
जलालाबाद ग्रेनेड हमले में मास्टरमाइंड होने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, कुलवंत सिंह पंजाब के फिरोजपुर जिले के अलीका गांव का रहने वाला है। उस पर फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाने के बाहर 13 सितंबर को हुए ग्रेनेड हमले की साजिश रचने का आरोप है। घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले में उसकी क्या भूमिका थी और कथित तौर पर उसके संपर्क किन लोगों से थे। जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 24 वर्षीय कुलवंत सिंह के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें नशा तस्करी समेत अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। बताया गया है कि उसने वर्ष 2024 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था।
कुलवंत करीब आठ महीने बठिंडा जेल में भी बंद रहा था। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2026 में जमानत पर बाहर आने के बाद 13 सितंबर को जलालाबाद थाने के बाहर हुए ग्रेनेड हमले में उसका नाम सामने आया।
श्रीगंगानगर में RDX बरामदगी से भी जुड़ रहे तार
कुलवंत सिंह का नाम राजस्थान के श्रीगंगानगर में ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराए गए विस्फोटक और हथियारों की बरामदगी के मामले में भी सामने आने की बात कही जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को रावलामंडी थाना क्षेत्र में खानूवाली पोस्ट के नजदीक करीब 8 किलो RDX, दो पिस्टल, चार मैगजीन और 867 कारतूस बरामद किए गए थे।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जलालाबाद ग्रेनेड हमले और श्रीगंगानगर में हुई इस बरामदगी के बीच कोई आपसी संबंध है या नहीं।
पंजाब पुलिस ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास के अनुसार, पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि कुलवंत सिंह अपनी बुआ परमजीत कौर के घर छिपा हुआ है। इसके बाद संयुक्त टीम ने घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की पूछताछ पंजाब पुलिस द्वारा की जा रही है।




























