कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। यह ऐलान चुनाव आयोग की Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच हुआ है।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि “संविधान के दुश्मनों का पर्दाफाश हो गया है। न्याय जरूर होगा।” इसके साथ ही उन्होंने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जानकारी दी।
SIR को लेकर क्या है विवाद?
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में होने जा रही है जब चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस तेज है।
The Indian Express की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की। रिपोर्ट के मुताबिक, ये आपत्तियां नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने, SIR और वोटर डेटा की सुरक्षा जैसे मुद्दों से संबंधित थीं।
Form-6 को लेकर भी उठे सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले Form-6 में SIR से संबंधित एक सवाल जोड़े जाने को लेकर भी आपत्ति दर्ज की गई थी।
रिपोर्ट में कहा गया कि इस बदलाव के तहत आवेदक से उसके या उसके माता-पिता/दादा-दादी के नाम पिछली SIR की मतदाता सूची में होने को लेकर जानकारी मांगी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, विवेक जोशी ने इस बदलाव पर आपत्ति दर्ज की थी और सुखबीर सिंह संधू ने भी इससे सहमति जताई थी।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने 23 सितंबर को अपना पक्ष रखा। आयोग ने कहा कि उसके सभी निर्णय, जिनमें SIR से जुड़े फैसले भी शामिल हैं, सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
आयोग ने यह भी कहा कि उसके भीतर लिखित टिप्पणियां, सुझाव, तकनीकी राय और आंतरिक विचार-विमर्श सामान्य संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
अब राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर
ऐसे में अब सभी की नजरें शाम 4 बजे होने वाली राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं। माना जा रहा है कि वह चुनाव आयोग, SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
राहुल गांधी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के विषय का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
























