Home Political BJP ने Gen-Z से जुड़ने के लिए बनाई खास टीम, स्मृति ईरानी...

BJP ने Gen-Z से जुड़ने के लिए बनाई खास टीम, स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े समेत 5 नेता शामिल

117
0
BJP ने Gen-Z से जुड़ने के लिए बनाई खास टीम, स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े समेत 5 नेता शामिल
BJP ने Gen-Z से जुड़ने के लिए बनाई खास टीम, स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े समेत 5 नेता शामिल

भारतीय जनता पार्टी ने युवा वोटर्स, खासकर Gen-Z तक अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 14 से 25 साल के युवाओं से सीधे संवाद के लिए एक विशेष टीम बनाई है। इस टीम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं।

पार्टी का फोकस युवाओं की सोच, उनकी प्राथमिकताओं, समस्याओं और भविष्य को लेकर उनकी उम्मीदों को समझने पर रहेगा। इसके लिए देशभर में ‘युवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वंदे मातरम् पर कांग्रेस के खिलाफ प्रस्ताव

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ के केवल शुरुआती दो पद गाए जाने के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया।

भाजपा ने कांग्रेस के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान और उसकी ऐतिहासिक विरासत से राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए समझौता नहीं किया जा सकता। पार्टी ने ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और महत्व को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की बात कही।

बैठक के बाद नई राष्ट्रीय टीम के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम भी रखा गया।

14 से 25 साल के युवाओं पर BJP का फोकस

भाजपा के नए ‘युवा संवाद’ अभियान के तहत 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को जोड़ने की योजना है। पार्टी नेताओं के साथ सीधे संवाद के दौरान युवाओं को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का मौका दिया जाएगा।

इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि Gen-Z किन मुद्दों को प्राथमिकता देती है और शिक्षा, रोजगार, तकनीक, करियर तथा सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर उनकी क्या सोच है।

17 अगस्त को घोषित हुई थी नई राष्ट्रीय टीम

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। पार्टी की नई टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि 14 नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी मिली है।

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं। अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों—उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और पंजाब—से भी कुल 18 नेताओं को टीम में जगह मिली है।

स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी

नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा IT सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

65 सदस्यीय टीम में 12 महिलाएं

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 सदस्य हैं। इनमें 12 महिलाएं हैं, यानी करीब 18 फीसदी सदस्य महिला हैं। पार्टी के अनुसार, नई टीम में 51 नए सदस्य शामिल किए गए हैं।

टीम में 73 वर्षीय वसुंधरा राजे सबसे वरिष्ठ नेताओं में हैं, जबकि 35 वर्षीय डॉ. हेमांग जोशी सबसे युवा सदस्य बताए गए हैं। नई टीम के जरिए भाजपा संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के साथ-साथ युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here