FIH पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए महामुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से करारी शिकस्त दी है। नीदरलैंड्स के अमस्टेवीन स्थित वैजेनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के दूसरे दौर (Pool E) में धमाकेदार अंदाज में प्रवेश कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी दशक भर पुरानी अजेय बढ़त को और मजबूत कर लिया है। कप्तान हरमनप्रीत और अभिषेक का शानदार प्रदर्शनमैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया।

भारतीय कप्तान और स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह (5वें और 21वें मिनट) तथा शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक (11वें और 24वें मिनट) ने दो-दो गोल दागकर पाकिस्तान की रक्षापंक्ति को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा, मैच के 35वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत की बढ़त को और मजबूत किया। दूसरी ओर, पाकिस्तान की तरफ से हन्नान शाहिद ने दो (22वें और 46वें मिनट) जबकि सुफयान खान ने एक गोल किया और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस और अनुशासित खेल के आगे उनकी यह कोशिश नाकाफी साबित हुई।
ऐतिहासिक मैदान पर दबदबा और जीत का सिलसिलायह मुकाबला दोनों टीमों के बीच ऐतिहासिक दृष्टिकोण से भी बेहद खास रहा। ठीक 53 साल पहले, इसी वैजेनर हॉकी स्टेडियम में 1973 के विश्व कप सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 1-0 से हराया था। साल 2016 के बाद से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का यह दबदबा लगातार जारी है, और इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पड़ोसी देश के खिलाफ पिछले 20 मुकाबलों से अपनी अजेय रथयात्रा को बरकरार रखा है।
पूल-डी के इस रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद अब भारतीय टीम ने आत्मविश्वास के साथ अगले दौर में कदम रख दिया है, जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड और पूल-ए की शीर्ष टीमों के साथ होगा।





















