अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के फोन पर कथित तौर पर विमान को हाईजैक करने से जुड़ा संदेश देखा गया। घटना के बाद लास वेगास से नेवार्क जा रही फ्लाइट को वापस Las Vegas डायवर्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर ने एक यात्री को अपने मोबाइल फोन पर कथित तौर पर यह लिखते देखा कि वह विमान को हाईजैक करने जा रहा है। सूचना मिलते ही पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी गई।
24 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 1681 करीब 150 यात्रियों के साथ Las Vegas से Newark के लिए रवाना हुई थी। विमान उस समय एरिजोना के ऊपर लगभग 24 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को वापस नेवादा की ओर मोड़ दिया गया। करीब 40 मिनट की उड़ान के बाद विमान Las Vegas के हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
विमान में ही गिरफ्तार हुआ यात्री
पुलिस ने विमान के एयरपोर्ट पर उतरते ही संदिग्ध यात्री को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक उसकी पहचान 25 वर्षीय डेन मिलने के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
ATC को दी गई थी जानकारी
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के मुताबिक, पायलट ने अधिकारियों को बताया था कि एक फ्लाइट अटेंडेंट ने यात्री के फोन पर लिखे कथित संदेश को देखा है।
इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की गई।
जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी को क्लार्क काउंटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। बाद में उसे 10 हजार डॉलर के बॉन्ड पर रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई।
मामले की जांच जारी है और धमकी के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी, इसकी पड़ताल की जा रही है।




























