केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार, 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर हैं। करीब 20 दिन के भीतर यह उनका पंजाब का दूसरा दौरा है। शाह सुबह अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जिसके बाद हेलीकॉप्टर से गुरदासपुर के लिए रवाना हुए।
गुरदासपुर के गांव माड़ी पन्नुआं पहुंचकर अमित शाह ने विक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की। विक्रमजीत सिंह की हत्या नशे की बिक्री रोकने को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई थी। शाह ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
गांव को सुरक्षा घेरे में बदला गया
अमित शाह के दौरे को देखते हुए गांव माड़ी पन्नुआं में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा कारणों से करीब तीन किलोमीटर के इलाके को सील किया गया था।
इसके बाद गृह मंत्री का कार्यक्रम संगरूर और फिर मानसा जाने का है। मानसा में वह परमिंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं।
झोटा मामले को लेकर भी पंजाब में हलचल
अमित शाह के पंजाब दौरे के बीच परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। मुख्यमंत्री की ओर से झोटा मामले की जांच CBI को सौंपने की बात सामने आई है।
झोटा की हत्या के बाद परिवार और विभिन्न संगठनों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी। शाह के मानसा दौरे को इसी घटनाक्रम के बीच अहम माना जा रहा है।
लुधियाना में 121 फीट के रावण का दहन
अमित शाह अपने पंजाब दौरे के दौरान लुधियाना भी पहुंचेंगे। यहां दरेसी मैदान में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
शाह के कार्यक्रम को देखते हुए पंजाब पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड और कार्यक्रम स्थलों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
मानसा को रेड जोन घोषित
अमित शाह के मानसा दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 20 अक्टूबर को सुरक्षा कारणों से शहर को रेड जोन घोषित किया है। इसके तहत ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
इस बीच पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने अमित शाह के दौरे से पहले लॉरेंस बिश्नोई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।




























