पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर एक बार फिर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले क्या पूर्व मुख्यमंत्री की कांग्रेस में वापसी हो सकती है? इस सवाल ने अब सियासी चर्चा को और तेज कर दिया है।
दरअसल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट से जब कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने की संभावना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “एनीथिंग इज पॉसिबल इन पॉलिटिक्स।” पायलट के इस बयान को कैप्टन की संभावित वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कैप्टन को बताया बड़ा नेता
सचिन पायलट ने बातचीत के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह की राजनीतिक पारी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह ने पंजाब की अच्छी सेवा की है और वह ऊंचे कद के नेता हैं।
पायलट ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी कैप्टन से इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वह कैप्टन को कई वर्षों से जानते हैं और उनके साथ काम कर चुके हैं।
BJP से दूरी के संकेतों ने बढ़ाया सस्पेंस
कैप्टन अमरिंदर सिंह के हालिया बीजेपी विरोधी बयानों को लेकर भी उनसे सवाल किया गया था। इस पर सचिन पायलट ने कहा कि उन्होंने भी कैप्टन की टिप्पणियां देखी हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कैप्टन की भविष्य की राजनीतिक रणनीति क्या है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कैप्टन से व्यक्तिगत तौर पर किसी पार्टी में शामिल होने या उसे छोड़ने की योजना को लेकर बातचीत नहीं की है।
राहुल गांधी के बयान के बाद शुरू हुई थी चर्चा
कैप्टन की कांग्रेस में वापसी को लेकर चर्चा केवल सचिन पायलट के बयान के बाद नहीं शुरू हुई। इससे पहले राहुल गांधी के एक वीडियो ने भी राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दिया था।
वीडियो में राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को ‘अंकल अमरिंदर’ कहकर संबोधित किया था। राहुल ने उनके सैन्य अनुभव और व्यक्तित्व को लेकर सकारात्मक टिप्पणी भी की थी।
इसके बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगा कि क्या राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच रिश्तों में फिर से गर्माहट दिखाई दे रही है।
कांग्रेस में वापसी पर अभी तस्वीर साफ नहीं
फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सचिन पायलट का बयान भी किसी औपचारिक बातचीत या निर्णय की पुष्टि नहीं करता।
लेकिन 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए पायलट की टिप्पणी ने इस राजनीतिक संभावना को चर्चा के केंद्र में जरूर ला दिया है।
अब सबकी नजर कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेतृत्व के अगले बयान पर रहेगी।


























