प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में युवाओं को संबोधित किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत की विकास यात्रा, युवाओं की क्षमता और विकसित भारत के लक्ष्य पर बात की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष और सरकार के आलोचकों पर भी तीखे तंज किए।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आलोचकों को ‘नाराज फूफा’ की संज्ञा देते हुए कहा कि देश में होने वाले हर विकास कार्य पर कुछ लोगों को आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि भारत की उपलब्धियों और विकास के कामों ने ऐसे लोगों को जवाब दिया है।
‘नाराज फूफा’ हर चीज का विरोध करते हैं- PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब भी कोई बड़ा काम होता है तो कुछ लोग ऐसे प्रतिक्रिया देते हैं, जैसे उन्हें हर चीज से परेशानी हो। उन्होंने ऐसे लोगों की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की, जिनका काम हर बात में कमी निकालना और विरोध करना है।
प्रधानमंत्री ने भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने बड़े प्रोजेक्ट्स से लेकर तकनीक, सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित करनी शुरू कर दी है।
‘दिमागी नक्सल’ पर फिर बोले प्रधानमंत्री
अपने भाषण में पीएम मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से दिए गए अपने संबोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय ‘दिमागी नक्सल’ वाली ‘होम्योपैथिक गोली’ दी थी और इसके बाद कई लोग सामने आ गए।
15 अगस्त के अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा था कि सशस्त्र नक्सलवाद को काफी हद तक खत्म किया गया है, लेकिन ‘नक्सली मानसिकता’ अभी भी मौजूद है और ऐसी मानसिकता को पहचानकर अलग-थलग करने की जरूरत है।
SRCC में पीएम मोदी ने इसी संदर्भ को आगे बढ़ाते हुए कहा कि जैसे ही उन्होंने ‘दिमागी नक्सल’ वाली बात कही, कई लोग सामने आ गए।
युवाओं को दिया ग्लोबल लीडर बनने का मंत्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन का बड़ा हिस्सा युवाओं और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका पर केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि आज भारतीय दुनिया की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। ऐसे में भारतीयों द्वारा बनाई गई कंपनियां भी दुनिया का नेतृत्व क्यों नहीं कर सकतीं।
उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता पर भरोसा करने और नए भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
‘सपना हमारा तो संकल्प भी हमारा’
SRCC के लोगो में नजर आने वाले उगते सूरज और आगे बढ़ते जहाज का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि सूरज हमारा हो, समंदर हमारा हो, नाव हमारी हो और नाविक भी हमारा हो। पीएम मोदी ने युवाओं से तेज हवाओं से टकराने का जज्बा रखने और ऊंची उड़ान का सपना देखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अगर सपना हमारा है तो उसे पूरा करने का संकल्प भी हमारा होना चाहिए। विकसित भारत की दिशा में युवाओं का हर कदम देश की प्रगति का कदम बनेगा।
100 साल पूरे कर रहा है SRCC
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की स्थापना 1926 में हुई थी और 2026 में यह अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है। पीएम मोदी ने 5 सितंबर को कॉलेज के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम शिक्षक दिवस के अवसर पर भी आयोजित हुआ।






















