दिल्ली-NCR में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण राजधानी और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कई प्रमुख सड़कों और मार्गों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
NH-48 पर वाहनों की लंबी कतार
गुरुग्राम के नरसिंहपुर इलाके में NH-48 पर भारी बारिश के बीच लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। हाईवे पर पानी जमा होने और वाहनों की धीमी रफ्तार के कारण कई किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लग गई। जाम के बीच वाहन रेंगते हुए नजर आए।
दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव
भारी बारिश का असर दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में भी देखने को मिला। बाबा खड़क सिंह मार्ग पर पानी भरने से कई वाहन फंस गए। वहीं AIIMS के आसपास भी जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
मोती बाग में भी सड़क पर पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। इसके अलावा राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पास भी भारी जलभराव देखा गया, जहां वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए।
इन इलाकों में भी बिगड़े हालात
बारिश के कारण करकोला, एपीएस कॉलोनी और एयरपोर्ट रोड समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को सड़कों पर जमा पानी और ट्रैफिक जाम के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई जगहों पर पानी इतना ज्यादा जमा हो गया कि लोगों और वाहन चालकों को जलभराव वाली सड़कों से होकर गुजरना पड़ा। इसके चलते एक बार फिर दिल्ली में जलभराव से निपटने की तैयारियों और पुराने दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हवाओं की रफ्तार करीब 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
बारिश के चलते दिल्ली-NCR में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जा रही है।




























