पंजाब के शिक्षकों और नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों से जुड़ी कई अहम मांगों पर सरकार ने चर्चा की है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 180 ETT TET पास शिक्षकों की वेतन समानता के मामले में सरकारी आदेश जारी होने की जानकारी दी है।
मंत्री ने शिक्षक यूनियन के प्रतिनिधियों को स्वयं आदेशों की प्रति सौंपी। इन आदेशों में वित्त विभाग के निर्देशों और संबंधित न्यायिक निर्णयों के आधार पर वेतन निर्धारण को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही वर्ष 2016 से वित्तीय लाभ और नियुक्ति में समानता से जुड़े मामलों की जांच के लिए पूर्व अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
भर्ती को लेकर बेरोजगार शिक्षकों ने उठाई आवाज
बैठक में अलग-अलग शिक्षक यूनियनों ने खाली पदों को भरने और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने की मांग रखी।
ETT TET पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने ETT कैडर के रिक्त पदों का विज्ञापन जारी कर उन्हें जल्द भरने की मांग की।
B.Ed TET पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और कैडर से जुड़े लंबित मामलों का समाधान करने की मांग रखी।
5994 बैकलॉग भर्ती को लेकर भी मांग
ETT TET पास 5994 बैकलॉग शिक्षक यूनियन ने शेष उम्मीदवारों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। यूनियन ने लंबित बैकलॉग पदों को आरक्षण से मुक्त करके भरने का मुद्दा भी उठाया।
ETT 2364 बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने शेष वेटिंग लिस्ट जारी करने और चयनित उम्मीदवारों को स्टेशन अलॉटमेंट या ट्रांसफर का अवसर देने की मांग की।
लाइब्रेरियन और लेक्चरर भर्ती पर भी चर्चा
बेरोजगार लाइब्रेरियन मोर्चा ने सरकारी स्कूलों में खाली लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की मांग की।
लेक्चरर भर्ती पंजाब के प्रतिनिधियों ने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए बचे पांच विषयों की परीक्षाओं की तारीख घोषित करने और परीक्षाएं करवाने की मांग रखी।
वहीं विशेष शिक्षक मोर्चा ने खाली पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान पूरा करने की मांग की।
संविदा शिक्षकों की मांगें भी सामने आईं
विशेष कैडर शिक्षक मोर्चा ने संविदा और विशेष कैडर में काम कर रहे शिक्षकों के लिए नियमित वेतनमान लागू करने की मांग की। इसके अलावा सेवा नियम, छुट्टी और पदोन्नति से जुड़े लाभ देने का मुद्दा भी उठाया गया।
NSQF व्यावसायिक शिक्षक मोर्चा ने व्यावसायिक शिक्षकों को निजी कंपनियों के ठेकों से बाहर निकालकर सीधे शिक्षा विभाग के अधीन लाने की मांग रखी।
मंत्री ने दिया समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन
बैठक के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने विभिन्न शिक्षक संगठनों की मांगें सुनीं और कहा कि जायज मामलों पर सरकार संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने भर्ती, वेतन और सेवा से जुड़े मामलों पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।




























