दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट को लेकर फैंस को झटका लग सकता है। 30 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाला ‘Aura India Tour’ शो फिलहाल तय कार्यक्रम के मुताबिक होता नजर नहीं आ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसके पीछे सुरक्षा से जुड़े इनपुट, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से संबंधित कई जिम्मेदारियों का हवाला दिया है।
30 अक्टूबर को होना था दिल्ली शो
दिलजीत का दिल्ली शो पहले 1 नवंबर को आयोजित किया जाना था। बाद में इसे बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया गया था।
अब पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम के आयोजकों के सामने नई तारीख या अन्य व्यवस्था को लेकर फैसला लेने की स्थिति बन गई है। हालांकि, शो पूरी तरह रद्द हुआ है या नई तारीख पर होगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
BookMyShow को भेजे गए पत्र में क्या कहा गया?
रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से BookMyShow को पत्र भेजा गया था। इसमें 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में ‘Diljit Dosanjh’s Aura India Tour Delhi’ आयोजित करने के अनुरोध का उल्लेख किया गया।
पुलिस की ओर से सुरक्षा संबंधी विशिष्ट खतरे के इनपुट और मौजूदा त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों को देखते हुए आयोजन के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया गया।
फैंस को अब किस बात का इंतजार?
दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट की टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी थी। ऐसे में अब फैंस की नजर आयोजकों की अगली घोषणा पर है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दिल्ली शो की नई तारीख घोषित होगी या कार्यक्रम को पूरी तरह टाल दिया जाएगा?
ये हैं Aura India Tour की बाकी तारीखें
दिल्ली के बाद दिलजीत दोसांझ के भारत दौरे में कई बड़े शहर शामिल हैं:
15 नवंबर — इंदौर
21 नवंबर — अहमदाबाद
27 नवंबर — मुंबई
29 नवंबर — बेंगलुरु
5 दिसंबर — चंडीगढ़
इन शहरों में होने वाले कार्यक्रमों पर दिल्ली की मौजूदा स्थिति का क्या असर पड़ेगा, इस पर भी फैंस की नजर रहेगी।




























