Home Crime Tiger Shroff पर फायरिंग के बाद भागने की तैयारी, कोटा स्टेशन पर...

Tiger Shroff पर फायरिंग के बाद भागने की तैयारी, कोटा स्टेशन पर पकड़े गए 3 आरोपी; नेपाल जाने का था प्लान

22
0
Tiger Shroff firing case में कोटा स्टेशन पर पकड़े गए तीन आरोपी
Tiger Shroff firing case में कोटा स्टेशन पर पकड़े गए तीन आरोपी

मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के बाद फरार हुए तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा में ट्रेन से पकड़ा गया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों का कथित तौर पर मुंबई से दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल भागने का प्लान था।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों में एक रैपिडो ड्राइवर, एक मजदूर और एक नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों को पकड़ने के बाद अब मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

फायरिंग के लिए मिले थे 50 हजार रुपये?

जांच से जुड़े पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हमले को अंजाम देने के लिए आरोपियों को कथित तौर पर करीब 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों की घटना में क्या भूमिका थी और फायरिंग में किसने सीधे हिस्सा लिया।

कोटा स्टेशन पर ऐसे पकड़े गए संदिग्ध

कोटा पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के ट्रेन से सफर करने की सूचना मिलने के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। टीमों ने एग्जिट पॉइंट और प्लेटफॉर्म पर निगरानी शुरू की और करीब 15 मिनट के भीतर संदिग्धों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है।

मुंबई में ऐसे हुई थी फायरिंग

रविवार रात टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे। वह अपनी कार की अगली सीट पर बैठे थे और कार की बंद खिड़की के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पर फायरिंग की गई।

सामने आए वीडियो में एक हमलावर कार के सामने से फायरिंग करता दिखाई देता है, जबकि दूसरा हमलावर साइड से गोली चलाता नजर आया। घटना के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बाद में बाइक अंधेरी वेस्ट स्टेशन के पास छोड़ दी और वहां से लोकल ट्रेन के जरिए आगे निकले।

बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ

फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए। हालांकि, कांच के टुकड़े और बारूद की वजह से उनके बाएं हाथ पर मामूली चोटें आईं। घटना में अभिनेता के ड्राइवर और एक ऑटो चालक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और मुंबई में गैंगवार को लेकर सख्त संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here