मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को बाली में हुए हादसे के बाद एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है। मुंबई पहुंचने के बाद एक्ट्रेस की पहली झलक सामने आई है। वीडियो में नुसरत को स्ट्रेचर पर लेटे हुए देखा जा सकता है और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर नजर आ रही हैं।
सामने आए विजुअल में नुसरत के नाक में ऑक्सीजन ट्यूब लगी दिखाई दे रही है। उनके हाथों में मेडिकल कैनुला भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक्ट्रेस ने दोनों हाथ अपने सीने पर रखे हुए हैं।
बाली में हुआ था हादसा
नुसरत भरूचा काम के सिलसिले में बाली गई थीं। प्रोफेशनल कमिटमेंट पूरा करने के बाद उन्होंने कुछ समय वहां रुकने का फैसला किया था। इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद उनकी टीम की ओर से नुसरत की हेल्थ को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की गई थी।
नुसरत की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर
नुसरत की पब्लिसिस्ट संचिता त्रिवेदी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हादसे में एक्ट्रेस की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
टीम के मुताबिक, डॉक्टर पहले नुसरत की स्थिति का पूरा मूल्यांकन करेंगे और उसके बाद सर्जरी को लेकर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की हुई व्यवस्था
नुसरत की टीम ने बताया था कि एक्ट्रेस की मेडिकल जरूरतों को देखते हुए उन्हें बाली से मुंबई लाने की व्यवस्था की जा रही है। अब वह मुंबई पहुंच चुकी हैं।
मुंबई में आगे के इलाज और सर्जरी को लेकर डॉक्टर उनकी स्थिति का मूल्यांकन करेंगे। टीम ने यह भी संकेत दिया है कि चोट और रिकवरी के कारण नुसरत के आने वाले कुछ हफ्तों के प्रोफेशनल कमिटमेंट प्रभावित हो सकते हैं।
टीम ने की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील
नुसरत की टीम ने फैंस और लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। टीम ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता नुसरत का स्वास्थ्य और उन्हें जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना है।
साथ ही, नुसरत के लिए चिंता और शुभकामनाएं भेजने वाले लोगों का टीम ने आभार जताया है। टीम की ओर से कहा गया है कि सही समय पर आगे की हेल्थ अपडेट साझा की जाएगी।
हादसे से पहले शेयर की थीं बाली की तस्वीरें
हादसे से कुछ समय पहले नुसरत भरूचा ने सोशल मीडिया पर बाली से अपनी तस्वीरें भी शेयर की थीं। तस्वीरों में वह वहां छुट्टियां बिताती नजर आई थीं।
अब हादसे के बाद मुंबई पहुंचने की उनकी पहली झलक सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


























